Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

महराजगंज पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दस लाख की चोरी का पर्दाफाश, शातिर चोर दबोचा गया

महराजगंज पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दस लाख की चोरी का पर्दाफाश, शातिर चोर दबोचा गया

महराजगंज: पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अपराध चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के कुशल नेतृत्व में घुघली थाना पुलिस, एसओजी एवं स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में घर में हुई चोरी की बड़ी घटना का सफल अनावरण करते हुए एक कुख्यात अपराधी को चोरी के आभूषण, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया है।

जानिए पूरा मामला

यह मामला थाना घुघली क्षेत्र के ग्राम करौता उर्फ नेबुईया का है, जहां दिनांक 15 नवंबर 2025 को पीड़िता अपने पिता के इलाज के लिए लखनऊ गई हुई थी। लगभग एक माह बाद जब वह वापस लौटी तो घर का ताला टूटा मिला और भीतर रखे कीमती आभूषण व नकदी गायब थे। पीड़िता की तहरीर पर 22 दिसंबर 2025 को अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की।

लगातार सुराग जुटाने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। दिनांक 30 दिसंबर 2025 की तड़के लगभग 02:20 बजे, ग्राम गोपाला स्थित नहर पुलिया के पास से अभियुक्त उमेश साहनी पुत्र कतवारु साहनी, निवासी ग्राम महुअवा महुवई, थाना श्यामदेउरवा, जनपद महराजगंज को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से ₹22,500 नकद, लगभग 82 ग्राम सोना और 600 ग्राम चांदी, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है, बरामद की। बरामद सामान में हार, कंगन, झुमका, अंगूठी, नाक की कील, करधनी, पायजेब, पायल सहित अनेक आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

लंबा आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त उमेश साहनी कोई साधारण अपराधी नहीं है। उसके विरुद्ध महराजगंज सहित गोरखपुर, कुशीनगर और संतकबीरनगर जनपदों में चोरी, हत्या के प्रयास, अपहरण, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और गुंडा एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने संयुक्त पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!