Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर में बड़ी चोरी, मां दुर्गा के स्वर्ण आभूषण ले उड़े नाकाबपोश चोर, जानिए पूरा अपडेट

गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर में बड़ी चोरी, मां दुर्गा के स्वर्ण आभूषण ले उड़े नाकाबपोश चोर, जानिए पूरा अपडेट

पटना: बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले में स्थित दुर्गा मां के प्रसिद्ध थावे मंदिर में 17 दिसंबर की रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। देर रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच दो नाकाबपोश चोरों ने मंदिर परिसर में पीछे की ओर से सीढ़ी लगाकर प्रवेश किया। इसके बाद चोर अपने साथ लाई गई बड़ी कटर से मंदिर का ताला काटकर मां दुर्गा के स्वर्ण मुकुट, हार तथा एक छत्र चोरी कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। भक्तों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया और उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। श्रद्धालुओं ने पुलिस अधीक्षक गोपालगंज से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एवं थावे थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर जांच शुरू की। वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। वहीं पुलिस अधीक्षक गोपालगंज ने स्वयं मंदिर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने वर्तमान थावे थाना प्रभारी को निलंबित करते हुए भोरे थाना प्रभारी को थावे मंदिर परिसर थाना में तैनात कर दिया है। चोरी की घटना के खुलासे के लिए डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है। साथ ही मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के तहत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मंदिर परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थावे थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी की इस घटना का जल्द ही पर्दाफाश कर लिया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है और पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!