गाजियाबाद: महात्मा गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली समीक्षा बैठक में उठाए गए बिंदुओं पर हुई प्रगति का जायजा लिया गया और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई।
सीडीओ ने विशेष रूप से स्कूलों में फर्नीचर, डेस्क-बेंच, स्वच्छता, पेयजल, बाथरूम और मीड-डे-मील से संबंधित स्थिति की मासिक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर छात्र को शुद्ध पेयजल, पोष्टिक भोजन और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में सुझाव दिया गया कि शिक्षक और अधिकारी बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न होने दें। इसके लिए वॉलंटियर, रिटायर्ड शिक्षक, पूर्व छात्र और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद ली जा सकती है। साथ ही निपुण और निपुण प्लस ऐप के अधिकतम उपयोग, पीटीएम की सफलता और संघर्षशील स्कूलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नियमित निरीक्षण और चल रहे निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा कराने का निर्देश भी सीडीओ ने दिया। जिला के पिछड़े स्कूलों में एआरपी द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना के अनुसार नामांकन और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित होंगे।

सीडीओ ने अधिकारियों और बीईओ से कहा कि वे प्रत्येक स्कूल की समस्याओं और जरूरतों की माहवारी रिपोर्ट तैयार करके भेजें। साथ ही शिक्षक बच्चों को शिक्षण कार्य में सक्रिय रूप से शामिल करें और चिंपल ऐप 100% डाउनलोड और उपयोग सुनिश्चित करें।
बैठक में परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, डायट उप-प्राचार्य, बीएसए, एएओ, खंड शिक्षा अधिकारी, एआरपी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


