कुशीनगर: जनपद के फाजिलनगर कस्बे का नाम अब बदलने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फाजिलनगर का नया नाम ‘पावा नगर’ करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि यह वही स्थान है, जहां भगवान महावीर ने महापरिनिर्वाण प्राप्त किया था, इसलिए इस क्षेत्र को उसके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के अनुरूप पहचान दी जा रही है।
सीएम योगी गुरुवार 27 नवंबर को मुरादनगर स्थित तरुण सागरम् तीर्थ पहुंचे थे, जहां उन्होंने पंचकल्याणक महामहोत्सव के तहत 100 दिन में निर्मित गुफा मंदिर का उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भगवान पार्श्वनाथ जी और संत तरुण सागर जी महाराज का स्मरण करते हुए जैन धर्म की करुणा, अहिंसा और ‘जियो और जीने दो’ की परंपरा को विश्व के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महावीर का जन्म भले वैशाली में हुआ हो, लेकिन महापरिनिर्वाण कुशीनगर के पावागढ़ (फाजिलनगर) में हुआ था। इसलिए सरकार ने इस ऐतिहासिक स्थल को उसकी महत्ता के अनुसार ‘पावा नगरी’ नाम देने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।
फाजिलनगर, कुशीनगर जिले का महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है, जो अपनी भौगोलिक स्थिति और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश को बिहार से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित यह कस्बा आवागमन और व्यापार का बड़ा केंद्र है। नाम परिवर्तन के बाद यहां धार्मिक पर्यटन और विकास की संभावनाओं के बढ़ने की उम्मीद है।


