महराजगंज: पनियरा थाना पुलिस ने टप्पेबाजी से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले का खुलासा करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी सदर जयप्रकाश त्रिपाठी के निर्देशन में की गई।
रविवार की देर शाम उपनिरीक्षक पवन कुमार राय के साथ पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नटवां जंगल स्थित समय माता मंदिर के पास दबिश दी। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान रिन्दू मद्देशिया पुत्र राजेश मद्देशिया, निवासी जंगल हरपुर, थाना गुलहरिया, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। वह करीब 20 वर्ष का है और टप्पेबाजी की घटनाओं में शामिल रहने के कारण पुलिस को लंबे समय से वांछित था।
आरोपी के खिलाफ थाना पनियरा में मुकदमा संख्या 476/2025, धारा 112(2), 117(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 1,840 रुपये नकद बरामद किए। वहीं, उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छिना हुआ पर्स भी मिला, जिसे पुलिस ने अहम साक्ष्य बताते हुए कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अपराध पर नियंत्रण की दिशा में पनियरा पुलिस की सतर्कता और तत्परता को दर्शाती है।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह
उ०नि० योगेश कुमार सिंह (एओजी प्रभारी)
उ०नि० अखिलेश प्रताप सिंह (स्वॉट प्रभारी)
उ०नि० पवन कुमार राय
हे.का. दिग्विजय नाथ तिवारी
हे.का. संतोष यादव
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और इसे क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में मजबूत कदम बताया है।


