Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

महराजगंज में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, मिशन शक्ति के तहत स्कूलों में दी गई अहम जानकारी

महराजगंज में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, मिशन शक्ति के तहत स्कूलों में दी गई अहम जानकारी

महराजगंज: महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत परसामलिक थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में बुधवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत ग्राम पंचायत विशुनपुरा, असुरैना और परसामलिक स्थित स्कूलों में पहुंची पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी संरक्षण की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में वे किस प्रकार तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं। पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन नंबर, सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, दहेज प्रतिषेध अधिनियम एवं घरेलू हिंसा से संरक्षण कानून की उपयोगिता को सरल भाषा में समझाया।

अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को यह भी संदेश दिया कि चुप रहना समाधान नहीं है, बल्कि समय पर शिकायत करना ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और कानून पर भरोसा रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक संजू गौड़, महिला कांस्टेबल अनुराधा शुक्ला, विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव प्रसाद प्रजापति सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!