Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

शहर को आधुनिक बनाने की तैयारी, जिलाधिकारी के नेतृत्व में गाजियाबाद में बहुआयामी विकास कार्य

शहर को आधुनिक बनाने की तैयारी, जिलाधिकारी के नेतृत्व में गाजियाबाद में बहुआयामी विकास कार्य

गाजियाबाद: जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि जन सुविधाओं को गुणवत्ता परक बनाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भोपुरा से टीला मोड़ तक लगभग 3 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण कार्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराया जाएगा, जबकि मोहन नगर सड़क के सुधार कार्य के लिए शीघ्र ही बजट स्वीकृत कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त लोनी क्षेत्र में दिल्ली–सहारनपुर रोड के सुधार हेतु शासन द्वारा 32 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया गया है, जिससे सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य जल्द शुरू होगा।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि सड़क के समानांतर बनने वाले लगभग 10.5 किलोमीटर लंबे नाले के प्रस्ताव पर कार्यवाही प्रगति पर है, जिससे जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। वहीं, हापुड़ चुंगी चौराहे पर करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से 1250 मीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) से सहमति बन चुकी है।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही खोड़ा क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्या के समाधान हेतु जल निगम द्वारा डीपीआर तैयार कर ली गई है और जल्द ही इस पर कार्य शुरू किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गाजियाबाद को बेहतर, सुगम और आधुनिक शहर बनाने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है और आने वाले समय में विकास की रफ्तार और तेज की जाएगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!