कुशीनगर: जनपद के सेवरही विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा तरया सुजान में स्थित नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज के बड़े खेल मैदान पर मंगलवार, 6 जनवरी को रामराज ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले में बिहार की दो सशक्त टीमें किसनगंज और छपरा आमने-सामने थीं। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार और आक्रामक अंदाज में खेलते हुए एक-दूसरे के गोल पोस्ट पर लगातार दबाव बनाया। मध्यांतर से पहले किसनगंज और छपरा की टीमों ने कई बेहतरीन मौके बनाए, लेकिन मजबूत डिफेंस और गोलकीपरों की सतर्कता के कारण कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। मध्यांतर के बाद भी खेल का रोमांच बरकरार रहा और निर्धारित समय तक मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।
निर्णय के लिए मैच को अतिरिक्त समय में ले जाया गया। अतिरिक्त समय में छपरा की टीम ने बेहतरीन तालमेल और रणनीति का परिचय देते हुए एक शानदार गोल दाग दिया। इस निर्णायक गोल के साथ ही छपरा ने मुकाबला अपने नाम कर लिया और फाइनल में प्रवेश करते हुए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया। वहीं किसनगंज की टीम ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन जीत से एक कदम दूर रह गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि भावना हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. विनय राय रहे। उनके साथ डॉ. आलोक राय, कृष्ण कुमार राय, संजय राय (एडवोकेट) और राजीव राय भी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना की सराहना की।
आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रताप राय एवं आयोजक अंशु तिवारी ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। मैच के दौरान प्रमोद ओझा, हरिकेश रावत, वसीम सर, संतोष मिश्रा, राजेश सिंह, अशोक केडी, अमर शर्मा, संतु ओझा, अमित तिवारी, कृष्ण वर्मा, सहाबुद्दीन, अंजन तिवारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


