Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

गाजियाबाद में तीन बड़ी वारदातों से हड़कंप: डंपर ने ली दो जानें, आतंकी नेटवर्क का खुलासा, मामूली विवाद में खूनी हमला

गाजियाबाद में तीन बड़ी वारदातों से हड़कंप: डंपर ने ली दो जानें, आतंकी नेटवर्क का खुलासा, मामूली विवाद में खूनी हमला

गाजियाबाद: लोनी क्षेत्र बुधवार को तीन अलग-अलग बड़ी घटनाओं के चलते सुर्खियों में रहा। एक तरफ तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से पिता और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लोनी निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर दिल्ली-एनसीआर में संभावित आतंकी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया। इसके अलावा रास्ते को लेकर हुए मामूली विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मंडौला कट पर दर्दनाक हादसा, पिता-बेटी की गई जान

ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के मंडौला कट पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में रामपार्क कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश (60) और उनकी बेटी शिवानी (20) की मौत हो गई। बताया गया है कि दोनों मोपेड से दवा लेने बागपत जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के अनुसार शिवानी का विवाह करीब डेढ़ माह पूर्व ही हुआ था। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

दिल्ली-एनसीआर को दहलाने की साजिश का खुलासा

सुरक्षा एजेंसियों को उस समय बड़ी सफलता मिली जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में सबसे पहले लोनी निवासी 26 वर्षीय मोहित को हिरासत में लिया गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी के पास से अत्याधुनिक पिस्टल, कारतूस और संदिग्ध डिजिटल सामग्री बरामद हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को जोड़कर एनसीआर क्षेत्र में बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी। मोहित की निशानदेही पर उसके अन्य साथियों तक पहुंचने में भी पुलिस को सफलता मिली है। मामले की जांच विभिन्न एजेंसियां संयुक्त रूप से कर रही हैं।

हॉर्न बजाने को लेकर हुआ विवाद, लाठी-डंडे चले

लोनी की सरस्वती विहार कॉलोनी में रास्ता अवरुद्ध होने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। नाईपुरा निवासी रविंद्र अपने रिश्तेदार नितिन के साथ कार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि सड़क पर खड़ी बाइकों के कारण रास्ता बाधित था। रास्ता खाली कराने के लिए हॉर्न बजाने पर कहासुनी शुरू हो गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सैलून संचालक हर्ष अपने साथियों सुहेल और शारिक के साथ बाहर आया और विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में रविंद्र घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस बोली- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सड़क हादसे के फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। वहीं मारपीट और अन्य मामलों में भी विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है तथा किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!