Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

बड़ी ख़बर: महराजगंज में बाहरी लोगों की संदिग्ध गतिविधियों से मचा हड़कंप, धार्मिक साहित्य भी बरामद

बड़ी ख़बर: महराजगंज में बाहरी लोगों की संदिग्ध गतिविधियों से मचा हड़कंप, धार्मिक साहित्य भी बरामद

महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महुअवा शुक्ल के पांडेय टोला में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब मतांतरण से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। गांव निवासी अंगद के आवास पर बाहरी लोगों के लगातार आने-जाने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।

सूत्रों के अनुसार, चार पहिया वाहन से कुछ लोग गांव पहुंचे थे, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं। ग्रामीणों का कहना था कि ये लोग ईसाई समाज से जुड़े बताए जा रहे हैं और घर के भीतर बैठक कर रहे थे। सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस बिना देरी किए मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

पुलिस जब अंगद के घर के अंदर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने ईसाई धर्म से संबंधित धार्मिक पुस्तकें और कुछ अन्य प्रचार-प्रसार से जुड़ी सामग्री बरामद की। बरामद सभी वस्तुओं को पुलिस ने साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है, ताकि आगे की जांच में उनका परीक्षण किया जा सके।

मौके पर मौजूद चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मतांतरण से संबंधित गतिविधियों के संकेत मिले हैं, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सभी तथ्यों, दस्तावेजों और बयानों की विधिवत जांच की जा रही है।

इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार्रवाई के बाद गांव में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा, वहीं पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!