महराजगंज: पनियरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 रानी लक्ष्मीबाई (झुनलीपुर) में सोमवार की रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। लगभग 11 वर्षीय रोशनी, पुत्री पप्पू, रात करीब 9:30 बजे सोने के लिए अपने कमरे में गई थी। इसी दौरान उसने कमरे में लगा इलेक्ट्रिक पंखा चलाने के लिए स्विच ऑन किया, लेकिन उसमें अचानक करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गई।

करंट का झटका इतना तेज था कि रोशनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास होकर रोने-बिलखने लगे। मासूम की अचानक हुई मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। घटना की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को हुई, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हर किसी की आंखें नम थीं और माहौल गमगीन हो गया।
बताया जा रहा है कि रोशनी पिछले करीब दो वर्षों से अपने मामा के घर रह रही थी और यहीं के एक स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। वह पढ़ाई में अच्छी और स्वभाव से बेहद सरल बच्ची थी। उसका एक बड़ा भाई भी है, जो इस घटना के बाद गहरे सदमे में है।
यह हादसा एक बार फिर बिजली उपकरणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूकता और सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए।


