महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बभनौली में बुधवार से लापता 60 वर्षीय सब्जी विक्रेता जफरुद्दीन पुत्र शकील का शव गुरुवार सुबह गांव से सटे जंगल में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार जफरुद्दीन बुधवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों को चिंता होने पर उन्होंने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने बभनौली जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त जफरुद्दीन के रूप में की। बताया गया कि मृतक ठेला लगाकर सब्जी बेचने का कार्य करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके परिवार में पत्नी दुगना, दो पुत्र नजीरुद्दीन व असलाम तथा दो पुत्रियां हैं। बड़े पुत्र की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जफरुद्दीन सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और रोज़ाना गांव में सब्जी बेचते दिखाई देते थे। उनकी मौत से गांव में शोक की लहर है।
इस मामले में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।


