Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

सिंदुरिया में गूंजा हिंदू एकता का शंखनाद, विराट हिंदू सम्मेलन से दिया गया संगठित समाज का संदेश

सिंदुरिया में गूंजा हिंदू एकता का शंखनाद, विराट हिंदू सम्मेलन से दिया गया संगठित समाज का संदेश

महराजगंज: सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में सिंदुरिया खेल मैदान में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में साधु-संतों, महात्माओं, गायत्री परिवार तथा सकल हिंदू समाज से जुड़े सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण देखने को मिला।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि गोरक्ष प्रांत के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत भाई साहब रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जब हिंदू समाज संगठित होता है, तभी एक समर्थ और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। भारतीय संस्कृति, परंपराएं और पौराणिक मूल्य हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिन्होंने सदैव राष्ट्र को दिशा और पहचान दी है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व किसी एक पंथ तक सीमित नहीं, बल्कि यह एक जीवन पद्धति है, जो समाज को जोड़ने और राष्ट्र को सशक्त बनाने का कार्य करती है।

उन्होंने आगे कहा कि बीते वर्षों में समाज को जाति, पंथ और मजहब के नाम पर बांटने के प्रयास होते रहे हैं, लेकिन संघ का स्पष्ट मत है कि सभी भारतवासी मूल रूप से हिंदू संस्कृति से जुड़े हैं। सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग के माध्यम से ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संतोष कुमार श्रीवास्तव ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हिंदू समाज को संगठित होकर आपसी समन्वय और भाईचारे के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन विभाग सद्भाव प्रमुख ज्योतिष मणि द्वारा किया गया। सम्मेलन में उपस्थित संत-महात्माओं ने माननीय मुख्यमंत्री से मांग की कि विभिन्न धार्मिक स्थलों पर आवागमन के लिए संतों को रोडवेज बस पास की सुविधा प्रदान की जाए, जिससे उन्हें अपने धार्मिक और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर सन्नी, सोनू, संजय राजकमल, मिथिलेश, सुधीर, चंदन, धर्मेंद्र, राहुल, अजीत, विनय, अनिल, रमेश, साधु शरण, सिसवा के राम बच्चन, सूरज, खंड कार्यवाह सुनील, शेषमणि, विमल, देवेश, इंद्रजीत, विद्याभूषण सहित गायत्री परिवार के जिला संयोजक मंगरु प्रसाद और अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सम्मेलन का समापन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और हिंदू समाज की एकता को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!