महराजगंज: जिले के घुघली थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ग्रामीणों ने खेत के पास संदिग्ध हालत में धुआं उठते देखा। मौके पर जाकर उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति का शव पूरी तरह से जला हुआ पड़ा है। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही घुघली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया। फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने भी देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की जांच हर पहलू से की जाए और किसी भी सुराग को नजरअंदाज न किया जाए।
पुलिस के मुताबिक, शव की पहचान खड्डा क्षेत्र के निवासी युवक के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की हत्या कर शव जलाया गया या फिर कोई अन्य कारण रहा।
एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


