Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

रामपुर में ट्रैफिक हुआ बेपटरी, ओवरब्रिज निर्माण के चलते लगा लंबा जाम, राहगीरों झेल रहे भारी परेशानी

रामपुर में ट्रैफिक हुआ बेपटरी, ओवरब्रिज निर्माण के चलते लगा लंबा जाम, राहगीरों झेल रहे भारी परेशानी

रामपुर: ज्वालानगर क्षेत्र में स्थित राम रहीम ओवरब्रिज पर चल रहे निर्माण कार्य ने शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पुल की मरम्मत और निर्माण के चलते पान पनवडिया के पास स्थित रेलवे गुमटी संख्या 402B पर दिन-रात भारी जाम लगा रहता है, जिससे आमजन को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी रामवती, जो बुजुर्ग हैं और आंखों से कम देख पाती हैं, बताती हैं कि प्रशासन को निर्माण कार्य शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करनी चाहिए थी। लगातार लग रहे जाम के कारण उनके लिए बाजार जाना और दैनिक जरूरतों को पूरा करना बेहद कठिन हो गया है।

यातायात दबाव के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात को संभालने के लिए रेलवे प्रशासन ने गुमटी पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के दो जवान तैनात किए हैं, ताकि फाटक खुलने और बंद होने के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। हालांकि, वाहनों की अत्यधिक भीड़ के कारण ट्रैफिक को नियंत्रित करना सुरक्षा कर्मियों के लिए भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग मौजूद हैं, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण लोग शॉर्टकट का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे एक ही स्थान पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है और जाम की समस्या और विकराल होती जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ओवरब्रिज का निर्माण कार्य लगभग दो महीने तक चलेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों की परेशानियां और बढ़ने की आशंका है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्गों को व्यवस्थित किया जाए और ट्रैफिक प्रबंधन को सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।

Related Articles

error: Content is protected !!