गोरखपुर: मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बुधवार को सेंट जोशेफ स्कूल, गोरखनाथ की कक्षा 11वीं की छात्रा काव्या त्रिपाठी ने एक दिन की गोरखनाथ थाना प्रभारी का दायित्व संभाला। थाने पहुंचने पर इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बुके देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर काव्या ने जनसुनवाई की और आने वाले पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और हर फरियादी को समय पर न्याय मिलना चाहिए।
काव्या त्रिपाठी ने थाने का भ्रमण किया, शिकायत रजिस्टर और सीसीटीएनएस रूम का निरीक्षण किया और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का भी संदेश दिया।
इस मौके पर एसएसआई उमेश कुमार सिंह सहित थाने की महिला पुलिसकर्मी और अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
यह पहल न केवल महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक है, बल्कि छात्राओं में नेतृत्व और आत्मविश्वास की भावना भी जगाती है।


