मुंबई: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर सतीश शाह का निधन 25 अक्टूबर दोपहर 2:30 बजे हो गया। वे कुछ समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। उनके मैनेजर ने इस दुखद ख़बर की पुष्टि की है। सतीश शाह का अंतिम संस्कार 26 अक्टूबर को किया जाएगा, फिलहाल उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा गया है।
सतीश शाह के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। हाल ही में विज्ञापन गुरु पीयूष पांडे के निधन से उबर ही रही इंडस्ट्री को यह एक और गहरा झटका लगा है।
टीवी से घर-घर में पहचान
सतीश शाह ने अपने करियर में दर्जनों फिल्मों और टीवी शोज़ में शानदार अभिनय किया। लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ के इंद्रवदन साराभाई (इंदु) के रोल से मिली। उनकी और रत्ना पाठक शाह की जोड़ी दर्शकों के दिलों में आज भी बसी है।
फिल्मी सफर और उपलब्धियां
गुजरात के मांडवी में जन्मे सतीश शाह ने जेवियर कॉलेज से पढ़ाई की और इसके बाद फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से प्रशिक्षण लिया। उन्होंने 1972 में डिजाइनर मधु शाह से शादी की थी।
सतीश शाह ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘अरविंद देसाई की अजीब दास्तान’, ‘गमन’, ‘उमराव जान’, ‘शक्ति’, ‘जाने भी दो यारों’, ‘विक्रम बेताल’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया।
टीवी में कमाल का अभिनय
1984 में आए शो ‘ये जो है जिंदगी’ में उन्होंने हर एपिसोड में अलग किरदार निभाकर दर्शकों को चौंका दिया था। बाद में उन्होंने ‘फिल्मी चक्कर’ और ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में भी बेहतरीन अभिनय से अपनी छाप छोड़ी।


