गाजियाबाद: कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम इलाके में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। घटना उस वक्त हुई जब एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन लूटकर दोनों आरोपी बाइक से फरार हो रहे थे। पीड़ित की सूचना पर कविनगर पुलिस ने क्षेत्र में घेरा बनाकर उनकी तलाश शुरू कर दी।
तभी पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायर झोंकने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम दिनेश उर्फ राहुल उर्फ मोनू, निवासी दौलतपुरा थाना कोतवाली बताया। उसने खुलासा किया कि उसके साथ मौजूद पंकज पुत्र राजेश मौका पाकर अंधेरे में फरार हो गया। दोनों पर गाजियाबाद के कई थानों में लूट और चेन स्नेचिंग जैसे मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब फरार पंकज की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


