गाजियाबाद: ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव में चर्चित सुनील त्यागी सुसाइड प्रकरण अब नए मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। जहां एक ओर घटना के बाद मृतक पक्ष ने विरोध प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी, वहीं अब दूसरे पक्ष ने सामने आकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कई गंभीर बिंदुओं पर सवाल उठाए हैं।
दूसरे पक्ष के परिजनों का कहना है कि घटना को लेकर बनाई जा रही परिस्थितियां वास्तविक तथ्यों से अलग हो सकती हैं और पुलिस यदि गहराई से जांच करे तो कई अहम पहलू उजागर हो सकते हैं। उनका दावा है कि मृतक के परिवार में लंबे समय से निजी विवाद चल रहे थे और उसी तनाव के चलते यह दुखद घटना हुई हो सकती है।
परिजनों ने यह भी कहा कि जिस जमीन विवाद को मामले से जोड़कर देखा जा रहा है, उसकी पैमाइश संबंधित पक्ष की मांग पर पहले ही राजस्व विभाग द्वारा कराई जा चुकी थी। ऐसे में भूमि विवाद को आत्महत्या की वजह बताने पर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं।
मामले को लेकर सबसे बड़ा प्रश्न कथित सुसाइड नोट को लेकर खड़ा किया गया है। दूसरे पक्ष का कहना है कि नोट की सत्यता की वैज्ञानिक जांच होनी चाहिए। उनका दावा है कि यदि हस्ताक्षरों और लिखावट की जांच कराई जाए तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को समय पर नहीं दी गई और बाद में पूरे घटनाक्रम को अलग दिशा देने की कोशिश की गई। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिलहाल इस मामले में थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मीरपुर की इस चर्चित घटना के पीछे की असली कहानी क्या है।


