Hindi Express News
  • June 15, 2026
  • Last Update June 14, 2026 9:06 PM
  • Lucknow

कुशीनगर के युवाओं ने पटना में पेश की इंसानियत की मिसाल, कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन

कुशीनगर के युवाओं ने पटना में पेश की इंसानियत की मिसाल, कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन

कुशीनगर/पटना: समाज सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए यूपी के कुशीनगर के सेवरही विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा तरया सुजान के तरया पश्चिम पैठानी टोला निवासी समाजसेवी दानिश अहमद खान के नेतृत्व में पटना में कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। AIEF (Applied Info Education Foundation) के बैनर तले आयोजित इस शिविर में लगभग 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर कैंसर से जूझ रहे गरीब बच्चों के उपचार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

समाजसेवी दानिश अहमद खान के साथ अन्य

पटना स्थित शमीन हाउस में आयोजित इस रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य उन बच्चों की सहायता करना था, जो गंभीर बीमारी से लड़ते हुए रक्त की कमी जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। शिविर में एकत्रित रक्त को महावीर कैंसर संस्थान, पटना को सौंपा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीकी टीम की देखरेख में पूरी प्रक्रिया स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई।

समाजसेवी दानिश अहमद खान ने बताया कि यह सेवा अभियान उनके द्वारा पिछले कई वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा है। हर वर्ष उनकी टीम कैंसर पीड़ित बच्चों की सहायता के उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित करती है ताकि किसी जरूरतमंद बच्चे को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और उनके परिजन इलाज के दौरान अनावश्यक परेशानियों से बच सकें।

रक्तदान शिविर में युवाओं का उत्साह और सेवा भावना देखने को मिली। कई स्वयंसेवक करीब 150 किलोमीटर की दूरी तय कर पटना पहुंचे और रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रक्तदान करने वालों में सोनू खान, हाफिज हामिद रज़ा, सदफ, सनम, बबलू मिश्रा, मनीष, पंकज, जीशान, अनिकेत, अज़ान, जहान, आसिफ खान, आरिफ खान (जादूगर), हारून खान, इस्फाक, अमन अफसर खान और बिट्टू सहित कई अन्य लोगों ने भागीदारी निभाई। महिलाओं और विभिन्न समुदायों की उपस्थिति ने इस आयोजन को सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बना दिया।

इस अवसर पर दानिश अहमद खान ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को नियमित रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।

कार्यक्रम के समापन पर इंजीनियर वकील अहमद खान द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने रक्तदाताओं के इस योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास जरूरतमंद मरीजों और उनके परिवारों के लिए उम्मीद की नई रोशनी साबित होते हैं।

इस सराहनीय पहल की चर्चा क्षेत्र में तेजी से फैल रही है। स्थानीय ग्रामीणों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने दानिश अहमद खान और उनकी टीम के कार्य की प्रशंसा की है। ग्राम प्रधान कृष्णा राय ने कहा कि दानिश अहमद खान ने अपने सामाजिक कार्यों से न केवल गांव बल्कि पूरे जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने युवाओं के इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणा बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

author

Related Articles

error: Content is protected !!