रामपुर: जिले के थाना गंज क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया। अजयपुर मंडी बाईपास इलाके में सड़क पार कर घर लौट रहे एक बुजुर्ग राजगीर को तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ी, लेकिन आखिरकार उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक, थाना गंज क्षेत्र के अजयपुर मंडी चौकी निवासी 60 वर्षीय वेद प्रकाश पुत्र सीताराम 31 मई 2026 की दोपहर लगभग 12:30 बजे सब्जी खरीदकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंडी बाईपास से केसरपुरा मार्ग के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक संख्या UP14GM8778 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर ही गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके पैर और गर्दन की हड्डी टूट गई, जबकि सिर में भी गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया और बाइक वहीं छूट गई।
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल वेद प्रकाश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू हुआ। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया। वहां कई दिनों तक इलाज चलने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शुरू में थाना गंज पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज करने में आनाकानी की और तहरीर में संशोधन कर दोबारा लाने को कहा। हालांकि बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस पूरे प्रकरण पर गंज थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फरार बाइक चालक की तलाश जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


