गाजियाबाद: लोनी के ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को जिला प्रशासन, पुलिस और यूपीसीडा ने संयुक्त अभियान चलाते हुए सरकारी भूमि से एक कथित अवैध मजार को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन के अनुसार संबंधित निर्माण सरकारी भूमि पर बिना वैध अभिलेखों के किया गया था। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और भारी संख्या में पुलिस बल व पीएसी की तैनाती रही।
अभियान सी-8 सेक्टर स्थित यूपीसीडा की भूमि पर चलाया गया, जहां बुलडोजर की मदद से निर्माण हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई से पहले राजस्व अभिलेखों और संबंधित विभागों के रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें संबंधित मजार का कोई वैधानिक उल्लेख नहीं मिला। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
संयुक्त अभियान का नेतृत्व एडीएम सिटी विकास कश्यप और एसडीएम लोनी दीपक सिंगनवाल ने किया। इस दौरान यूपीसीडा की परियोजना अधिकारी शर्मिला पटेल, सीनियर मैनेजर एन.के. जैन, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी, एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम सहित राजस्व, पुलिस और यूपीसीडा के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
प्रशासन के मुताबिक संबंधित भूमि औद्योगिक उपयोग के लिए आरक्षित सरकारी संपत्ति है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी सार्वजनिक अथवा सरकारी भूमि पर बिना अनुमति किए गए निर्माण को स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एडीएम सिटी विकास कश्यप ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और अवैध कब्जों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम लोनी दीपक सिंगनवाल ने बताया कि पूरी कार्रवाई राजस्व अभिलेखों, विभागीय रिपोर्ट और नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। अभियान के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार के विरोध या कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या की सूचना नहीं मिली।
यूपीसीडा की परियोजना अधिकारी शर्मिला पटेल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की भूमि का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्यों के लिए ही किया जा सकता है। यदि कहीं भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। वहीं एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।


