नई दिल्ली: आज 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। गुजरात के मेहसाना में 17 सितंबर 1950 को जन्मे नरेंद्र दामोदरदास मोदी ने 2001 से 2014 तक लगातार तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा दी और 2014 से अब तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं।
मोदी अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत उत्सव के बजाय जनसेवा और कल्याणकारी योजनाओं को समर्पित करते हैं। इस बार भी बीजेपी ने देशभर में ‘सेवा पखवाड़ा’ की शुरुआत की है, जिसके तहत स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, स्वच्छता अभियान और अन्य सामाजिक गतिविधियां आयोजित होंगी।
अपने जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी मध्य प्रदेश के धार में रहेंगे। वे यहां ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ और ‘आठवें राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान का शुभारंभ करेंगे और कई नई योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी आज बिहार के गया में चल रहे पितृपक्ष मेला में भी शामिल हो सकते हैं। यह आध्यात्मिक आयोजन देश और विदेश से लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। हालांकि, इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।


