संतकबीरनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत जिले में सेवा और स्वच्छता का संदेश देने वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने सरैया स्थित प्राथमिक विद्यालय में झाड़ू लगाकर बच्चों और ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही जिलेभर में पौधरोपण और रक्तदान शिविर भी लगाए गए।

सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने संयुक्त जिला अस्पताल परिसर में झाड़ू लगाई और मरीजों को फल वितरित किए। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने देश को मजबूत और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है। उनके मार्गदर्शन में हमें भी सेवा और स्वच्छता के अभियानों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

इसी क्रम में मेहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी ने अपने क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर पौधरोपण किया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान ने अपने विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया और जनता को जागरूक किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने संयुक्त जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वरिष्ठ नेता प्रदीप सिंह सिसोदिया समेत कई युवाओं ने रक्तदान कर प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सामाजिक सेवा का रूप दिया।
कार्यक्रमों के माध्यम से नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच स्वच्छता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को उजागर किया और प्रधानमंत्री के जन्मदिन को एक प्रेरक संदेश के रूप में मनाया।


