महराजगंज: जिले के विभिन्न ब्लॉकों में लंबे समय से चल रही कमीशनखोरी अब खुलकर सामने आ गई है। पनियरा ब्लॉक से उठी यह आग अब सदर, मिठौरा और घुघली ब्लॉकों तक फैल चुकी है। ग्राम प्रधानों का आरोप है कि सरकारी योजनाओं और बजट के क्रियान्वयन में ब्लॉक स्तर के बाबुओं और अधिकारियों द्वारा खुलेआम 5 से 6 प्रतिशत तक कमीशन वसूला जाता है।
यह भी पढ़ें: महराजगंज में बड़ा सड़क हादसा, तीन सरकारी बसें आपस में टकराई, मची चीख-पुकार
प्रधानों का कहना है कि हर फाइल पास कराने का फॉर्मूला अब “कमीशन दो, पास फाइल लो” की परंपरा बन गया है। इसमें मनरेगा बाबू, एपीओ मनरेगा, ब्लॉक के बड़े बाबू और संबंधित अधिकारी शामिल रहते हैं। आरोप यह भी है कि ब्लॉक स्तर पर वसूला गया हिस्सा जिले तक बंटता है।

सोशल मीडिया पर चर्चा, विरोध की लहर तेज
पनियरा से शुरू हुआ विरोध अब तेजी से सदर, मिठौरा और घुघली तक फैल रहा है। ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से मनरेगा सहायकों, बाबुओं और अधिकारियों की एक ही जगह तैनाती भ्रष्टाचार की जड़ है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार हुए ललित मोदी के भाई समीर मोदी, बलात्कार के आरोप में पुलिस ने लिया हिरासत में
ग्राम प्रधानों का कहना है कि जब-जब भ्रष्टाचार सामने आता है, तो कार्रवाई प्रधानों तक ही सीमित रहती है, जबकि असली जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी बच निकलते हैं। हाल ही में घुघली ब्लॉक में मनरेगा में धांधली सामने आई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों और बाबुओं पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रधान संघ का अल्टीमेटम
पनियरा ब्लॉक ग्राम प्रधान संघ की बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर ब्लॉक कर्मचारियों और अधिकारियों की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो यह मुद्दा सीधे जिलाधिकारी तक ले जाया जाएगा। प्रधान संघ अध्यक्ष सतीश सिंह ने कहा कि प्रधानों का उत्पीड़न और भ्रष्टाचार अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो डीएम को ज्ञापन सौंपकर सख्त जांच की मांग की जाएगी।
बड़ा सवाल
फिलहाल यह मुद्दा पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्राम प्रधानों का संगठन सक्रिय हो चुका है और ब्लॉकों पर निगरानी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस आवाज को गंभीरता से लेकर भ्रष्टाचार पर लगाम लगाएगा, या फिर यह मामला भी पुराने मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।


