गोरखपुर: सोमवार से लागू हुए नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से ‘जीएसटी रिफॉर्म जागरूकता अभियान’ का पहला चरण शुरू किया।
सुबह सीएम योगी झूलेलाल मंदिर से गोरखनाथ मंदिर मार्ग तक पैदल चले और दुकानदारों व ग्राहकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी दरों में जो कमी की गई है, उसका लाभ हर ग्राहक तक पहुँचना चाहिए।
दुकानदारों से सीधा संवाद
अभियान की शुरुआत सीएम योगी ने स्टाइल बाजार से की। यहाँ उन्होंने खुद स्टीकर चस्पा किया और प्रबंधन से पूछा कि कपड़ों पर जीएसटी में कितनी कमी आई है। जानकारी मिलने पर कि टैक्स 12% से घटकर 5% हो गया है, उन्होंने कहा- “इससे आपका कारोबार और मजबूत होगा, ग्राहकों को जरूर लाभ दीजिए।

“इसके बाद उन्होंने न्यू स्वीट्स पैलेस, गीता होलसेल मार्ट और प्रेम मेडिकल्स पर जाकर दुकानदारों व ग्राहकों से बातचीत की। मेडिकल स्टोर संचालकों ने बताया कि जीवनरक्षक दवाओं पर टैक्स शून्य हो गया है और कई दवाओं पर सिर्फ 5% जीएसटी लग रहा है।
गुलाब और स्टीकर से दिया संदेश
सीएम योगी ने दुकानदारों को गुलाब का फूल और ‘जीएसटी रिफॉर्म’ के स्टीकर भेंट किए। उन्होंने कहा कि हर प्रतिष्ठान पर ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ का पोस्टर लगाया जाए ताकि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिले।
लोगों का उत्साह, जगह-जगह पुष्पवर्षा
पदयात्रा के दौरान गोरखनाथ मार्ग पर व्यापारियों और आम नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान नारे गूंजे- “घटी जीएसटी बढ़ा व्यापार, धन्यवाद मोदी सरकार।”
जनप्रतिनिधि भी रहे साथ
इस मौके पर सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, नगर निगम उपसभापति पवन त्रिपाठी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


