लखनऊ: राजधानी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने IPS अधिकारी के घर को भी निशाना बना डाला। विकास नगर थाना क्षेत्र स्थित आईपीएस अधिकारी यमुना प्रसाद के आवास में चोरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
यमुना प्रसाद फिलहाल नोएडा में डीसीपी के पद पर तैनात हैं और लखनऊ का उनका आवास लंबे समय से खाली पड़ा था। घर की देखरेख उनके रिश्तेदार असित सिद्धार्थ कर रहे थे। 22 सितंबर को असित घर पहुंचे तो बिजली गुल थी और उन्हें कोई अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। लेकिन 23 सितंबर को जब बिजली विभाग की टीम दरवाजा खोलने पहुंची, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।
घर के कमरे पूरी तरह अस्त-व्यस्त थे। अलमारियों से लेकर गिफ्ट आइटम तक चोर ले गए। इतना ही नहीं, उन्होंने बाथरूम की टोटियां तक उखाड़ लीं। चोरों ने घर की पिछली खिड़की की ग्रिल काटकर भीतर प्रवेश किया और हर कोने-कोने की तलाशी ली।
सूचना मिलते ही विकास नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।


