महराजगंज: रामरतन पी.जी. कॉलेज, रामपुर पनियरा के प्रांगण में शनिवार को क्षेत्रीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। मुख्य अतिथि वेदप्रकाश शुक्ल (अध्यक्ष प्रमुख संघ एवं ब्लॉक प्रमुख पनियरा) और अध्यक्षता आर.सी. यादव (प्रबंधक, रामरतन पी.जी. कॉलेज) ने की। कार्यक्रम का संयोजन खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार ने किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन सत्र की शुरुआत कबड्डी प्रतियोगिता से हुई, जिसमें खिलाड़ियों का परिचय मुख्य अतिथि द्वारा लिया गया।
मुख्य अतिथि वेदप्रकाश शुक्ल ने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं।”
वहीं अध्यक्ष आर.सी. यादव ने कहा कि खेल न केवल अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि आपसी सौहार्द का भी संदेश देते हैं।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में विकास क्षेत्र पनियरा के सभी नौ न्याय पंचायतों के विद्यालयों की विजेता टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्र फेंक, समूहगान, लोकगीत व एकांकी आदि खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
बालक जूनियर कबड्डी वर्ग में एनपीआरसी नरकटहां और एनपीआरसी जड़ार की टीमें भिड़ेंगी, जबकि बालिका जूनियर वर्ग में एनपीआरसी माधोनगर और एनपीआरसी नरकटहां आमने-सामने होंगी।
50 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में सुजीत कुमार (नरकटहां) ने पहला स्थान और अमन कुमार (जड़ार) ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में रेशमा (नरकटहां) प्रथम व राधिका (मिठौरा) द्वितीय रहीं।
पहले राउंड की कुछ प्रतियोगिताएं सम्पन्न हो चुकी हैं, जिनका फाइनल सोमवार को खेला जाएगा। विजेता टीमें जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
प्रतियोगिता का संचालन प्रभारी क्षेत्रीय व्यायाम शिक्षक आनंद कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में ब्लॉक के खेल अनुदेशकों व शिक्षकों द्वारा किया जा रहा है।
इस मौके पर प्रमोद कुमार पटेल, हरीश शाही, विनोद कुमार वर्मा, नीरज राय, राजेश यादव, संजय मौर्य, सुनील मिश्रा, मो. अय्यूब अंसारी, अमरजीत, ईश्वरचंद विद्यासागर, संजीव कुमार, वरेश कुमार, विवेक गुप्ता, एआरपी अवनीश उपाध्याय, संजय शुक्ला, राकेश यादव सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।


