महराजगंज: पनियरा नगर पंचायत में चेयरमैन और कर्मचारी के बीच टकराव ने तूल पकड़ लिया है। कार्यालय सहायक (बाबू) दिग्विजय सिंह ने नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद जायसवाल पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी, जिस पर पनियरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम सोहास निवासी दिग्विजय सिंह ने बताया कि 24 अक्टूबर को वह समय से कार्यालय पहुंचे थे और हस्ताक्षर के बाद जांच कार्य के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान चेयरमैन उमेश जायसवाल कार्यालय पहुंचे और कथित रूप से उनके हस्ताक्षर काटकर उन्हें गैरहाजिर घोषित कर दिया।
जब दिग्विजय वापस लौटे और वजह पूछी, तो चेयरमैन ने उन्हें गाली देने के साथ जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान बीच-बचाव करने वाले दो ग्रामीणों विकेंद्र कुमार और श्रवण को भी कथित रूप से जातिसूचक शब्द कहे गए।
इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ से बताया कि यह मुकदमा उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दर्ज किया गया है और जांच सीओ सदर द्वारा की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश जायसवाल की तहरीर पर भी दिग्विजय सिंह के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब दोनों पक्षों के बीच दर्ज मुकदमों से नगर पंचायत में चर्चाओं का बाजार गर्म है, क्योंकि दोनों ही सत्ता से जुड़े माने जाते हैं।


