महराजगंज: नौतनवा थाना क्षेत्र के एक गांव में जंगल गई महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रोजाना की तरह लकड़ी लेने गई महिला को गांव का ही युवक अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म कर फरार हो गया। पीड़िता ने किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने तत्काल थाने में लिखित तहरीर दी।
पूरा मामला अड्डा बाजार चौकी क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस के अनुसार, महिला जंगल में लकड़ी इकट्ठा कर रही थी, तभी गांव का युवक दिन्ने भर वहाँ पहुंच गया और महिला के साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद पीड़िता सदमे की हालत में घर लौटी और पूरी घटना परिवार को बताई।
शिकायत मिलते ही नौतनवा पुलिस सक्रिय हो गई है और आरोपी की तलाश में आसपास के संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
इस मामले में थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव ने हिन्दी एक्सप्रेस न्यूज़ से बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी दिन्ने भर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


