बुलंदशहर: जनपद में अपराधों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार को अगौता थाना क्षेत्र के दो कुख्यात अपराधियों मोहसिन पुत्र खान मोहम्मद और हसीन पुत्र खान मोहम्मद, निवासी ग्राम अजीतपुर को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ लंबे समय से गुंडागर्दी, दबंगई और समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने की शिकायतें मिल रही थीं। इनके खिलाफ थाना अगौता में कई मुकदमे भी पंजीकृत हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधियों का क्षेत्र में इतना आतंक था कि स्थानीय लोग इनके विरुद्ध शिकायत करने या गवाही देने से डरते थे। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) बुलंदशहर ने दोनों को छह माह के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित करने का आदेश जारी किया।
आदेश के बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपियों को आदेश की प्रति देकर जनपद सीमा से बाहर भेज दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के दौरान यदि दोनों में से कोई भी जनपद में प्रवेश करता है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अगौता अतुल कुमार चौहान, उपनिरीक्षक संजय सिंह, हेड कांस्टेबल अविनाश और कांस्टेबल रोहिताश सहित पुलिस टीम शामिल रही।


