गोरखपुर: गोरखपुर मंडल में मंगलवार सुबह कारोबार जगत में उस वक्त हड़कंप मच गया जब आयकर विभाग ने अचानक व्यापक छापेमारी कर सबको चौंका दिया। आयकर विभाग की कई टीमों ने गोरखपुर के एक बड़े कारोबारी और उनसे जुड़े सहयोगियों के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। ऐसा बताया जा रहा है कि यह टीमें लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद और प्रयागराज से आई हुई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के मेडिकल रोड स्थित एक बड़े ऑटोमोबाइल शोरूम पर वाराणसी नंबर की गाड़ियों से आयकर विभाग के अधिकारी पहुंचे। इसके साथ ही स्पोर्ट्स कॉलेज क्षेत्र में स्थित उद्यमी के आवास पर भी टीमों ने जांच शुरू की। गोलघर स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बाहर भी आयकर विभाग की मौजूदगी देखी गई, जहां कारोबारी के चार्टर्ड अकाउंटेंट का कार्यालय बताया जा रहा है।
इसी क्रम में एक टीम बरगदवा क्षेत्र में स्थित उद्यमी के एक रिश्तेदार के घर भी पहुंची। इसके अलावा देवरिया जिले में एक बॉटलिंग प्लांट पर भी आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है। वहीं कुशीनगर जिले के कसया क्षेत्र में भी विभाग की टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सभी स्थानों पर सुबह करीब आठ बजे एक साथ कार्रवाई शुरू की गई, जिससे पूरे मंडल में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों, जब्त दस्तावेजों या संभावित बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। कार्रवाई जारी है और देर शाम तक स्थिति स्पष्ट होने की संभावना जताई जा रही है।


