कुशीनगर: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पटहेरवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गौ-तस्करी के एक मामले में पिछले छह वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त जावेद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के अपराधी तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष पटहेरवा विनय कुमार मिश्रा द्वारा किया गया, जिनके नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार फरार और वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त जावेद को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त जावेद एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कुशीनगर सहित मेरठ, आगरा, चंदौली और जौनपुर जनपदों में गौवध, पशु क्रूरता अधिनियम तथा अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से फरार रहने के कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरिराम सिंह यादव, उपनिरीक्षक श्रवण कुमार, उपनिरीक्षक धीरेंद्र वर्मा, आरक्षी अमित कुमार और आरक्षी अल्तमस शामिल रहे। पुलिस टीम की इस सफलता की सराहना उच्चाधिकारियों द्वारा की जा रही है।
पटहेरवा पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर और प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता। कुशीनगर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है और जनपद को अपराध मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।


