कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के पड़ोसी राज्य बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित प्रसिद्ध मां थावे वाली भवानी मंदिर में शीघ्र ही एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। कुचायकोट विधानसभा से सातवीं बार विधायक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पांडेय मां भवानी को स्वर्ण मुकुट अर्पित करेंगे। यह अर्पण उनकी गहरी आस्था, पारिवारिक विश्वास और मां के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह धार्मिक अनुष्ठान विधायक पप्पू पांडेय द्वारा अपने बड़े भाई की श्रद्धा तथा अपने भतीजे के गंभीर जीवन संकट से सुरक्षित उबरने के बाद मां थावे वाली भवानी के प्रति धन्यवाद स्वरूप किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
मंगलवार को विधायक पप्पू पांडेय गोरखपुर से हजारों वाहनों के काफिले के साथ अपने पैतृक गांव नयागांव तुलसिया के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर समर्थकों और श्रद्धालुओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। जगह-जगह फूल-मालाओं, जयकारों और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर स्थित बाबा दोनौ शुक्ल महाराज के दरबार में कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों की संख्या में लोग अपने प्रिय नेता के स्वागत के लिए घंटों से मौजूद रहे। श्रद्धालुओं, समर्थकों और क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि विधायक पप्पू पांडेय के प्रति जनसमर्थन और विश्वास कितना मजबूत है।
पूरे मार्ग में भक्ति, आस्था और जनविश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला। हर चेहरे पर उत्साह और हर जुबान पर एक ही नाम—पप्पू पांडेय। ठंड, दूरी और समय सब कुछ उस वक्त बेमानी हो गया, जब जनता अपने नेता और मां भवानी के भक्त के स्वागत के लिए सड़कों पर उमड़ पड़ी।
धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आगामी दिनों में मां थावे वाली भवानी मंदिर में स्वर्ण मुकुट अर्पण कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।


