Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

कुशीनगर में गरजा बुलडोजर, हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने सीलिंग की जमीन से हटाया अवैध कब्जा

कुशीनगर में गरजा बुलडोजर, हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने सीलिंग की जमीन से हटाया अवैध कब्जा

कुशीनगर: जनपद के दुदही नगर पंचायत क्षेत्र में शनिवार, 21 दिसंबर को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीलिंग की जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाया। नगर पंचायत दुदही में लंबे समय से सीलिंग की भूमि पर किए गए कब्जे को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की।

अवैध कब्जा हटाने की यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) दुदही के नेतृत्व में की गई। एक व्यक्ति द्वारा सीलिंग की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह हटवा दिया गया।

बताया गया कि यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की गई है।
अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशुनपुरा थाना की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात रही। प्रशासन की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

एसडीएम आकांक्षा मिश्रा द्वारा तहसील क्षेत्र में लगातार की जा रही सख्त कार्रवाइयों से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि सरकारी व सीलिंग की जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि जो लोग स्वयं कब्जा नहीं हटाएंगे, उनके विरुद्ध बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी तथा अतिक्रमण हटाने में हुए समय और खर्च की वसूली भी संबंधित व्यक्ति से की जाएगी। आगे भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

प्रशासन ने जनमानस से अपील की है कि वे समय रहते सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटा लें, अन्यथा कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

author

Related Articles

error: Content is protected !!