गाजियाबाद: गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने तकनीक के प्रभावी उपयोग और सुनियोजित कार्रवाई के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 246 खोए व चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए हैं। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह सफलता ट्रांस हिंडन जोन की पुलिस टीम द्वारा प्राप्त की गई, जिसमें क्षेत्र के सभी थानों के साथ सर्विलांस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से कार्य किया। मोबाइल चोरी, स्नैचिंग और गुमशुदगी की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों का सहारा लिया।
पुलिस ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन के IMEI नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके जरिये न केवल मोबाइल फोन की पहचान की गई, बल्कि उनकी वर्तमान लोकेशन का भी पता लगाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस ने हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद मोबाइल फोन में 243 गुमशुदा और 3 चोरी किए गए फोन शामिल हैं। सभी मोबाइल फोन को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया, जिससे पीड़ितों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
थाना-वार बरामदगी का विवरण
कौशांबी थाना क्षेत्र से – 69 मोबाइल
इंदिरापुरम से – 61 मोबाइल
खोड़ा से – 31 मोबाइल
शालीमार गार्डन से – 26 मोबाइल
साहिबाबाद से – 25 मोबाइल
लिंक रोड से – 23 मोबाइल
टीला मोड़ से – 11 मोबाइल
बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए शालीमार गार्डन और टीला मोड़ थाना टीम को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस संबंध में डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तकनीक का अधिकतम और सही उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
मोबाइल वापस पाने वाले पीड़ितों में शामिल निश्कर्ष ने बताया कि उनका मोबाइल करीब दो महीने पहले श्याम पार्क क्षेत्र में खो गया था और उन्होंने उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। मोबाइल मिलने पर उन्होंने गाजियाबाद पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस ने उनका भरोसा फिर से मजबूत किया है।


