Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

दोस्त के साथ निकले युवक की मौत बनी रहस्य, आखिर सच क्या? हादसा या साजिश? जानिए पूरा मामला

दोस्त के साथ निकले युवक की मौत बनी रहस्य, आखिर सच क्या? हादसा या साजिश? जानिए पूरा मामला

महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चंदनचाफी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। चार दिन पूर्व दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से निकला युवक अगले दिन गांव से दूर नाले में गंभीर हालत में मिला था, जिसकी शुक्रवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार शाम जब शव गांव पहुंचा तो परिजन आक्रोशित हो गए और अंतिम संस्कार से इनकार करते हुए शव को घर में ही रख लिया।

मृतक (फाइल फोटो)

मृतक की पहचान प्रदीप पासवान (25 वर्ष) पुत्र निवासी ग्राम चंदनचाफी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रदीप 23 दिसंबर को गांव के ही युवक साहिल के साथ बाइक से कहीं गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन बैगहिया गांव के पास एक नाले में वह अपनी बाइक के साथ गिरा हुआ मिला, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर थी।

घायल प्रदीप को पहले परतावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए महराजगंज जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।

शनिवार को शव गांव पहुंचते ही परिजन आक्रोशित हो उठे। उन्होंने प्रदीप के साथ गए युवक साहिल पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में सीओ सदर जय प्रकाश त्रिपाठी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और परिजनों से बातचीत की।

मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पनियरा व श्यामदेउवा थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई है। पुलिस के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन निगरानी रखी जा रही है।

मृतक प्रदीप दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई रोहित मजदूरी करता है। प्रदीप अविवाहित था।

इस संबंध में थानाध्यक्ष पनियरा राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक के साथ गए युवक को हिरासत में ले लिया गया है और पूरे मामले की जांच सीओ सदर द्वारा की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!