लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी में अलग-अलग जगहों से कुल पांच शव मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। गोमती नदी से युवक-युवती के शव मिलने, सरसों के खेत से नर कंकाल बरामद होने और एक बावर्ची की संदिग्ध मौत की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोमती नगर थाना क्षेत्र में गोमती नदी में एक युवक और एक युवती का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को नदी से बाहर निकलवाया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है।
दूसरी तरफ, नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम कुबेहरा में सरसों के खेत से एक नर कंकाल बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि यह कंकाल 13 दिसंबर 2025 से लापता पूनम का हो सकता है। कंकाल पूनम के घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर मिला है। घटनास्थल से मिली साड़ी को परिजनों ने पूनम की बताया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि डीएनए जांच के बाद ही मृतका की पहचान और मौत की वजह स्पष्ट होगी।
परिजनों के अनुसार, पूनम के लापता होने से पहले पड़ोस के एक युवक से बातचीत को लेकर उसका अपने पति पीतांबर से विवाद हुआ था। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया था। कंकाल मिलने के बाद पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
इसी क्रम में विभूतिखंड थाना क्षेत्र में एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने वाले बावर्ची एम. लाल शर्मा (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह किचन में खून से लथपथ हालत में मिला था और पास में एक चाकू पड़ा था। सहकर्मियों ने उसे तुरंत लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। मृतक नेपाल का रहने वाला था और उसके परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
एक ही दिन में सामने आई इन घटनाओं से लखनऊ में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और डीएनए परीक्षण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही मामलों का खुलासा किया जाएगा।


