Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

बुलंदशहर में जमीन ठगी का बड़ा खुलासा, बसपा के पूर्व नगर अध्यक्ष और बेटों पर 35 लाख हड़पने का आरोप

बुलंदशहर में जमीन ठगी का बड़ा खुलासा, बसपा के पूर्व नगर अध्यक्ष और बेटों पर 35 लाख हड़पने का आरोप

बुलंदशहर: जनपद के गुलावठी कस्बे में जमीन ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा दिया है। इस मामले में बसपा के पूर्व नगर अध्यक्ष खालिद चौधरी और उनके तीन पुत्रों पर आरोप है कि उन्होंने किसी और की जमीन दिखाकर 35 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जबकि सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

बसपा नेता और बेटों पर ठगी का आरोप

पीड़ित फरमान पुत्र मेहरबान द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 5 मार्च 2025 को खालिद चौधरी और उनके पुत्रों ने सिरोधन बाईपास रोड, छज्जूपुर स्थित 200 वर्ग गज के एक प्लाट को अपना बताते हुए बिक्री की बात कही। आरोप है कि उक्त जमीन वास्तव में सत्यप्रकाश आदि की थी, लेकिन आरोपियों ने खुद को मालिक बताते हुए सौदा तय कर लिया। इस दौरान 5 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए।

समय बीतने के बावजूद जब बैनामा नहीं कराया गया तो आरोपियों ने दूसरी प्लाटिंग में जमीन देने का झांसा देकर 5 लाख रुपये और ले लिए। इसके बाद भी न तो बैनामा कराया गया और न ही रकम वापस की गई। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो खालिद और उनके पुत्र सूफियान, शादान और सालिम ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

इस मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि आरोपी सूफियान की पुलिस की कैप पहने फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि वह पुलिस और वर्दीधारियों से संबंध होने का दावा कर लोगों पर रौब जमाता था।

थाना पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। यह मामला जनपद में लगातार सामने आ रहे भू-माफिया मामलों की कड़ी में एक और गंभीर उदाहरण माना जा रहा है।

Related Articles

error: Content is protected !!