महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खजुरिया में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। 28 वर्षीय युवक दीपक चौहान का शव उसके घर के एक कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
मिलीजानकारी के अनुसार दीपक चौहान अपने घर में अकेला रहता था। उसके पिता चन्द्रिका चौहान और सौतेली मां किरण चौहान लंबे समय से घर से अलग रह रहे थे। बताया जाता है कि जमीन के बंटवारे को लेकर दीपक और उसके पिता व सौतेली मां के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पारिवारिक तनाव इतना बढ़ गया था कि पिता और सौतेली मां ने घर छोड़कर ससुराल में रहना शुरू कर दिया था। दीपक की बड़ी बहन दीपना की शादी पहले ही हो चुकी है।
घटना का पता उस समय चला, जब सुबह गांव के कुछ बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते गेंद दीपक के घर के अंदर चली गई। दरवाजा खुला देख बच्चे गेंद लेने कमरे में पहुंचे, जहां उन्होंने दीपक को पंखे से लटका देखा। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पनियरा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
इस मामले में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस जमीन विवाद सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। घटना के बाद से गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है।


