गाजियाबाद: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा केशव नगर (शास्त्री नगर) की नकुल बस्ती आज़ाद शाखा, सुखदेव शाखा एवं राजगुरु शाखा द्वारा संयुक्त रूप से पेट्रोल पंप ई-ब्लॉक में स्वामी विवेकानंद की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित हुए।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म चौड़ीकरण कार्य पूरा, भीड़ में धक्का-मुक्की से मिलेगी राहत
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री बलदेव राज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और विचार आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। यदि युवा उनके बताए मार्ग पर चलें, तो भारत को पुनः विश्व गुरु बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विभाग प्रचारक अतुल ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने ऐसे 100 युवाओं की कल्पना की थी, जो चरित्रवान, साहसी और राष्ट्रभक्त हों तथा देश को उन्नति के शिखर पर पहुंचा सकें। उन्होंने बताया कि संघ संस्थापक परमपूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की।

संघ पिछले सौ वर्षों से समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि केवल जयंती मनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपने जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
यह भी पढ़ें: 48 घंटे में हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, जंगल में छिपाए हथियार भी बरामद
विशिष्ट अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती को ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अनेक विदेशी आक्रमणों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना अडिग रही है, जिसका श्रेय स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों को जाता है।
कार्यक्रम का संचालन सचिन सिंघल ने किया। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें 2000 से अधिक लोगों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर संघ के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


