Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

48 घंटे में हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, जंगल में छिपाए हथियार भी बरामद

48 घंटे में हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, जंगल में छिपाए हथियार भी बरामद

गाजियाबाद: ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया है। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए।

लोनी क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि 10 जनवरी 2026 को वजीराबाद, दिल्ली निवासी फैजान ने अपने भाई सोफियान की हत्या की सूचना थाना ट्रोनिका सिटी में दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर सूचनाएं एकत्र कीं। इसी क्रम में 12 जनवरी की रात पुस्ता रोड, ठोकर नंबर-9 के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल तीन आरोपी मोटरसाइकिल से ट्रोनिका सिटी की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैरियर लगाकर घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप बैसोया, दिव्यांश उर्फ रोकी और साहिल उर्फ बल्लू के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि मृतक सोफियान के साथ उनका लंबे समय से रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। 6 जनवरी की शाम लूट का बहाना बनाकर वे सोफियान को हरमपुर के जंगल क्षेत्र में ले गए, जहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस जब हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने जंगल पहुंची, तभी संदीप और दिव्यांश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, 315 बोर के खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

author

Related Articles

error: Content is protected !!