Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, पनियरा में दो अवैध पैथालॉजी पर गिरी गाज, जानिए पूरा मामला

स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, पनियरा में दो अवैध पैथालॉजी पर गिरी गाज, जानिए पूरा मामला

महराजगंज: पनियरा नगर पंचायत में शनिवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित पैथालॉजी केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी छापेमारी की। एसीएमओ विरेन आर्या के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में बड़वार रोड स्थित एक पैथालॉजी को सील कर दिया गया, जबकि ब्लॉक परिसर के पास संचालित दूसरी पैथालॉजी पर ताला लगाकर उसकी चाबी विभाग अपने साथ ले गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि पनियरा क्षेत्र में कई पैथालॉजी केंद्र बिना पंजीकरण और आवश्यक मानकों के संचालित हो रहे हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसीएमओ ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान बड़वार रोड पर स्थित विनायक पैथालॉजी बिना किसी वैध पंजीकरण के चलती पाई गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

इसी क्रम में ब्लॉक के बगल में स्थित इनाया पैथ केयर कलेक्शन सेंटर की भी जांच की गई। वहां भी पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पैथालॉजी पर ताला लगाकर चाबी अपने कब्जे में ले ली। कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास की अन्य पैथालॉजी दुकानों के संचालकों में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानों के शटर गिरते नजर आए।

एसीएमओ विरेन आर्या ने बताया कि बिना पंजीकरण के पैथालॉजी संचालन करना कानूनन अपराध है। ऐसे केंद्र न केवल नियमों की अनदेखी करते हैं, बल्कि मरीजों की सेहत के साथ भी गंभीर खिलवाड़ करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के दौरान एसीएमओ के साथ वरिष्ठ सहायक सुनील उपाध्याय, नीतीश वर्मा तथा सलाहकार आदित्य पाण्डेय मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी कई अवैध पैथालॉजी केंद्र संचालित होने की जानकारी मिल रही है, जिन पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने विभाग की इस सख्ती का स्वागत करते हुए इसे जनहित में जरूरी कदम बताया है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!