महराजगंज। नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत महरी में मंगलवार को एकदिवसीय पशु चारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं पशुपालकों को पशुओं के लिए संतुलित तथा पौष्टिक चारे के महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बरगदवा के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने ग्रामीणों को पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा उन्नत हरे चारे के नियमित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
उन्होंने पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुओं को संतुलित आहार देने से न केवल उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, बल्कि इससे दुग्ध उत्पादन में भी भारी वृद्धि होती है जो सीधे तौर पर पशुपालकों की आय को बढ़ाने में मददगार साबित होती है। इसके साथ ही डॉ. सिंह ने ग्रामीणों को चारा उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, उन्नत विधियों से चारे के दीर्घकालिक संरक्षण तथा समय-समय पर पशुओं के अनिवार्य टीकाकरण के प्रति भी सचेत किया।
प्रशिक्षण शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने इस सत्र को बेहद ज्ञानवर्धक व उपयोगी बताते हुए पशुपालन व्यवसाय से जुड़ी अपनी विभिन्न शंकाओं का समाधान किया और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक प्रगतिशील पशुपालक, संभ्रांत ग्रामीण तथा पशुपालन विभाग के संबंधित कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


