कुशीनगर: चौराखास थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को चौराखास थाना पुलिस ने सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई के दम पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले 48 दिनों से पुलिस की पकड़ से बाहर था और फरार होने की कोशिश में था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार, 22 जनवरी को थाना चौराखास पुलिस ने मुकदमा संख्या 174/2025 के अंतर्गत दर्ज धारा 75, 351(3) बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट में नामजद अभियुक्त पन्नू यादव पुत्र अनिरुद्ध यादव, निवासी अमवा महंथ, थाना चौराखास, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी किसी स्थान पर वाहन की प्रतीक्षा कर रहा है, जिससे उसके भागने की आशंका थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहनी ने बिना समय गंवाए स्वयं मोर्चा संभाला और उप निरीक्षक देवीलाल यादव, आरक्षी आयुष यादव तथा आरक्षी वीरेंद्र कुमार की टीम के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से दबोच लिया।
इस मामले में चौराखास थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहनी ने हिन्दी एक्सप्रेस न्यूज़ से बताया कि यह मामला 3 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया था, जिसमें पीड़ित की तरफ से दो लोगों को आरोपी बनाया गया था।
मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दूसरे नामजद आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।


