महराजगंज: जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां पैतृक संपत्ति के विवाद में एक बुजुर्ग महिला की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं जताई गई हैं। पीड़ित बेटे ने अपने ही सगे भाई पर मां को बहला-फुसलाकर संपत्ति हड़पने और जान को खतरा पहुंचाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित नारद गुप्ता, निवासी ग्राम बड़वार (वार्ड संख्या-07, रामजानकी नगर, नगर पंचायत पनियरा) ने पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी माता की उम्र अधिक होने के कारण उनकी समझने, सुनने और निर्णय लेने की क्षमता लगभग समाप्त हो चुकी है। इस स्थिति का लाभ उठाकर उनका भाई रविन्द्र गुप्ता अपनी पत्नी और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर बुजुर्ग मां से धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहा है।
शिकायत के मुताबिक, दिनांक 13 फरवरी 2026 को आरोपी भाई उनकी मां को अपने साथ कहीं लेकर चला गया। इस दौरान उसकी पत्नी और एक अन्य महिला भी साथ थी। बाद में फोन के माध्यम से सूचना मिली कि बुजुर्ग महिला को महराजगंज में देखा गया है, जिसके बाद से परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
पीड़ित का कहना है कि उसे आशंका है कि कहीं उसकी मां से जबरन या धोखे से पैतृक संपत्ति का बैनामा न करा लिया जाए, अथवा संपत्ति अपने नाम कराने के बाद उनके साथ कोई अनहोनी न कर दी जाए। इसी डर के चलते उसने पुलिस प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
नारद गुप्ता ने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ अपनी मां की जान और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।


