महराजगंज: बरगदवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपरा टोला असोगवा में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक विवाहिता का शव उसके ही घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की पहचान सहिमा (35 वर्ष) पत्नी सलीम, निवासी ग्राम पंचायत पिपरा टोला असोगवा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे सहिमा का शव कमरे में पंखे की कुंडी से लटका हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका का पति सलीम मुंबई में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही वह गहरे सदमे में आ गया और तत्काल गांव के लिए रवाना हो गया है।
सहिमा अपने पीछे तीन छोटे बच्चों नौशाद (7 वर्ष), शना (5 वर्ष) और शाहरबानू (3 वर्ष) को छोड़ गई है। मां की असामयिक मौत से तीनों बच्चे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं। बच्चों की हालत देखकर गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
इस मामले में बरगदवा थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


