महराजगंज: परसामलिक पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित गिरोह की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार से 48 किलो 686 ग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की देर रात करीब 2 बजे क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम के नेतृत्व में परसामलिक थाना पुलिस ने मुखबिर की पुख्ता सूचना पर ग्राम पंचायत सेखुआनी टोला शंकरपुर के पास घेराबंदी कर एक स्विफ्ट डिजायर (UP 14 BM 4258) को रोका। तलाशी के दौरान कार में 59 अलग-अलग पॉलीथीन पैकेटों में छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। मौके से राकेश यादव (35 वर्ष) पुत्र रामनरेश यादव, निवासी सेखुआनी टोला शंकरपुर, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह बरामदगी किसी एकल घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध सीमावर्ती क्षेत्रों से संचालित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 12 जनवरी को नौतनवां थाना क्षेत्र के सम्पतिहा चौकी के सामने गोरखपुर–सोनौली मुख्य मार्ग पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक लग्जरी कार के सीएनजी सिलेंडर में छुपाकर रखी गई 18 किलो 928 ग्राम चरस पकड़ी थी।
उस प्रकरण में भी सेखुआनी गांव का नाम सामने आया था। बताया गया था कि चरस को नेपाल से लाकर सेखुआनी में सीएनजी सिस्टम के भीतर लोड किया गया, जिसके बाद वाहन रवाना हुआ।
इन्हीं कड़ियों को जोड़ते हुए परसामलिक पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सेखुआनी क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थीं। ताजा कार्रवाई उसी सतर्कता का नतीजा मानी जा रही है, जिसमें पुलिस ने बड़ी खेप के साथ आरोपी को धर दबोचा।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/23 के तहत सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।


