Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

धर्म को लेकर बेबाकी पड़ी भारी, लोनी में चर्चित मुस्लिम यूट्यूबर पर चाकू से हमला, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

धर्म को लेकर बेबाकी पड़ी भारी, लोनी में चर्चित मुस्लिम यूट्यूबर पर चाकू से हमला, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

गाजियाबाद: लोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चर्चित एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर और टीवी पैनलिस्ट सलीम वास्तिक पर दो अज्ञात हमलावरों ने चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यूट्यूबर सलीम वास्तिक

यह वारदात लोनी थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में हुई। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो युवक, जिन्होंने हेलमेट पहन रखे थे, सलीम के घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों हमलावर जबरन घर में घुसे और सलीम के गर्दन व पेट पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

हमले के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल सलीम को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी गर्दन पर गहरा जख्म है और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण स्थिति गंभीर हो गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों की भूमिका सामने आई है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सलीम वास्तिक पहले मुस्लिम धर्म को मानते थे और मौलवी भी रह चुके हैं। बाद में उन्होंने अपने निजी विचारों के चलते धर्म का त्याग कर दिया और स्वयं को किसी भी धर्म से न जुड़ा हुआ बताया। वे सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से धार्मिक और सामाजिक विषयों पर खुलकर अपनी राय रखते रहे हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर 28 हजार से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह की गंभीरता से जांच कर रही है। यह भी पड़ताल की जा रही है कि घटना का संबंध उनके सोशल मीडिया गतिविधियों या किसी व्यक्तिगत रंजिश से तो नहीं है। मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!