Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

गैस संकट की मार से जूझ रहे परिषदीय विद्यालय, महराजगंज में मिड-डे-मील योजना लड़खड़ाई, शिक्षकों ने प्रशासन से लगाई गुहार

गैस संकट की मार से जूझ रहे परिषदीय विद्यालय, महराजगंज में मिड-डे-मील योजना लड़खड़ाई, शिक्षकों ने प्रशासन से लगाई गुहार

महराजगंज: नौतनवां ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में एलपीजी गैस की कमी के कारण मिड-डे-मील योजना पर गंभीर असर पड़ने लगा है। गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता न होने से बच्चों के लिए निर्धारित समय पर भोजन तैयार करना मुश्किल हो रहा है, जिससे न केवल भोजन व्यवस्था प्रभावित हो रही है बल्कि बच्चों की उपस्थिति पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

इस समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा संघ के अध्यक्ष राघवेंद्र नाथ पाण्डेय के नेतृत्व में शुक्रवार को क्षेत्र के शिक्षकों ने एकजुट होकर नौतनवां के एसडीएम नवीन कुमार को लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने विद्यालयों में एलपीजी गैस की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि मिड-डे-मील योजना सुचारू रूप से संचालित हो सके।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में विद्यालयों को मिलने वाला एक एलपीजी गैस सिलेंडर केवल 15 से 20 दिनों तक ही चल पाता है। इसके बाद स्कूलों को गैस की कमी से जूझना पड़ता है, जिससे भोजन बनाने में बाधा उत्पन्न होती है। कई बार शिक्षकों को वैकल्पिक व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं, जो न तो सुरक्षित होती हैं और न ही सुविधाजनक।

शिक्षकों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रत्येक 15 से 20 दिनों के अंतराल पर बीआरसी कार्यालय के माध्यम से स्कूलों को एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो मिड-डे-मील योजना की गुणवत्ता और निरंतरता दोनों प्रभावित हो सकती हैं।

author

Related Articles

error: Content is protected !!